कांकेर में 2 नवंबर को मनेगा राज्योत्सव, कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन और पीएम सूर्यघर योजना की समीक्षा की

0
11

उत्तर बस्तर कांकेर। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिला स्तरीय अधिकारियों की समय-सीमा बैठक लेकर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन, निर्माण कार्यों की प्रगति और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने और आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। जिले में 2 नवंबर को आयोजित होने वाले राज्योत्सव की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

राज्योत्सव में योजनाओं की प्रदर्शनी, हितग्राहियों को मिलेगा लाभ

कलेक्टर ने संबंधित विभागों को राज्योत्सव में विभागीय स्टॉल लगाकर शासकीय योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए। इस दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया जाएगा। राज्य शासन की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ के अनुरूप कार्यक्रमों और गतिविधियों को प्रदर्शित करने पर जोर दिया गया।

पीएम सूर्यघर योजना के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

बैठक में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने लंबित सोलर रूफटॉप इंस्टॉलेशन जल्द पूरा कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ समय पर मिले और इच्छुक उपभोक्ताओं के नए पंजीयन के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।

प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान स्वीकृत आवासों के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से हितग्राहियों के साथ समन्वय बनाकर अधूरे आवासों को जल्द पूरा कराने और निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समय पर हो निराकरण

कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण करने और निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित शिकायतों पर विशेष ध्यान देने और शिकायतकर्ताओं को संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

डिजिटल क्रॉप सर्वे और जल जीवन मिशन की भी समीक्षा

बैठक में डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की समीक्षा करते हुए सर्वे निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने और दर्ज की जाने वाली जानकारियों की शुद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं, जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे कार्यों की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप काम करने, विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और बस्तर मुन्ने से संबंधित गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में सीईओ हरेश मंडावी, भानुप्रतापपुर एसडीएम अनिकेत अशोक फड़तरे, अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे सहित सभी एसडीएम, जनपद पंचायतों के सीईओ, सीएमओ और विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here