
रायपुर। दीपावली से पहले छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में 2 प्रतिशत की वृद्धि करने का निर्णय लिया है। इसके बाद कर्मचारियों और पेंशनरों को 1 नवंबर 2026 से 60 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता और महंगाई राहत मिलेगी। अभी यह दर 58 प्रतिशत है।
3.85 लाख कर्मचारी और 1.50 लाख पेंशनर होंगे लाभान्वित
राज्य सरकार के इस फैसले से प्रदेश के करीब 3 लाख 85 हजार शासकीय कर्मचारियों और 1 लाख 50 हजार पेंशनरों को लाभ मिलेगा। महंगाई भत्ते और राहत में बढ़ोतरी से कर्मचारियों और पेंशनरों को हर महीने मिलने वाली राशि में इजाफा होगा।
सरकार पर 432 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भार
महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में 2 प्रतिशत की वृद्धि से राज्य सरकार पर लगभग 36 करोड़ रुपये प्रतिमाह का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा। वहीं, सालाना यह भार करीब 432 करोड़ रुपये होगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कर्मचारियों के हित में फैसला
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि उनकी सरकार शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों के प्रति संवेदनशील है। दीपावली से पहले लिया गया यह निर्णय उन्हें आर्थिक राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से कर्मचारियों और पेंशनरों के परिवारों में त्योहार की खुशियां और उल्लास बढ़ेगा।



















