‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने ओटीटी पर मचाया धमाल, प्राइम वीडियो पर हुई ग्लोबल स्ट्रीमिंग

0
10

मुंबई। ‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइजी के फैंस के लिए खुशखबरी है। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ अब ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रही है। सिनेमाघरों में रिलीज के बाद फिल्म ने एक बार फिर डिजिटल प्लेटफॉर्म पर वापसी की है। फिल्म भारत सहित दुनिया के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में एक्सक्लूसिव तौर पर उपलब्ध है।

अली फजल, पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु फिर आए नजर

अमेजन MGM स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म की कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है, जबकि निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है। फिल्म का निर्माण रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया है।

फिल्म में अली फजल, पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु मुख्य भूमिकाओं में हैं। इनके अलावा रवि किशन, जितेंद्र कुमार, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुगल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता गौर, श्वेता त्रिपाठी शर्मा, सोनल चौहान और कुलभूषण खरबंदा सहित कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।

पूर्वांचल की सत्ता की जंग और दुश्मनी की कहानी

‘मिर्जापुर: द मूवी’ की कहानी दर्शकों को फ्रेंचाइजी के पहले सीजन के दौर में ले जाती है। इसमें पुराने और लोकप्रिय किरदारों के जरिए एक बार फिर सत्ता की जंग, दुश्मनी और अपराध की दुनिया दिखाई गई है। इस बार मिर्जापुर की गद्दी की लड़ाई पूर्वांचल से लेकर रेगिस्तान तक पहुंचती है।

फिल्म का एक्सटेंडेड कट भी प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है, जिसमें दर्शकों को कुछ ऐसे अतिरिक्त दृश्य देखने को मिलेंगे, जो पहले प्रदर्शित संस्करण में शामिल नहीं थे।

निर्देशक बोले- दर्शकों को मिलेगा नया अनुभव

निर्देशक गुरमीत सिंह ने कहा कि फिल्म के जरिए मिर्जापुर की जानी-पहचानी दुनिया को बड़े पर्दे पर नए अंदाज में पेश करने की कोशिश की गई है। उन्होंने बताया कि कहानी की असल पहचान और किरदारों के दमदार अंदाज को बरकरार रखा गया है। एक्सटेंडेड कट के जरिए फैंस को कुछ नए दृश्य देखने का मौका मिलेगा।

फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी ने भी फ्रेंचाइजी को मिले दर्शकों के प्यार पर खुशी जताई। वहीं, प्राइम वीडियो इंडिया के एसवीओडी कंटेंट एक्विजिशन के डायरेक्टर मनीष मेंघानी ने कहा कि ‘मिर्जापुर’ अब सिर्फ एक सीरीज नहीं, बल्कि लोकप्रिय संस्कृति का हिस्सा बन चुकी है। फिल्म की ओटीटी रिलीज से दर्शकों को एक बार फिर अपने पसंदीदा किरदारों और मिर्जापुर की दुनिया से जुड़ने का मौका मिलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here