मतदाता सूची विवाद पर रिकेश सेन का भूपेश बघेल को जवाब, बोले- कांग्रेस फैला रही भ्रम

0
13

भिलाई नगर। दुर्ग जिले की मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आरोपों पर वैशाली नगर से भाजपा विधायक रिकेश सेन ने पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस के आरोपों को निकाय चुनाव से पहले की राजनीतिक हताशा बताते हुए कहा कि हार के डर से जनता के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है।

रिकेश सेन ने कहा कि मतदाता सूची तैयार करने के दौरान ऑनलाइन एप में एंट्री करते समय कुछ तकनीकी त्रुटियां हुई हैं। इन्हें सुधारने के लिए निर्वाचन प्रक्रिया में प्रावधान मौजूद हैं और प्रारंभिक मतदाता सूची के स्तर पर ही सुधार की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि इन त्रुटियों को बड़ी चुनावी गड़बड़ी के रूप में पेश करना उचित नहीं है।

वार्ड नहीं, बदले गए मतदान केंद्र

भूपेश बघेल के इस आरोप पर कि बिना परिसीमन के सैकड़ों मतदाताओं के वार्ड बदल दिए गए हैं, विधायक सेन ने कहा कि वार्ड बदलने और मतदान केंद्र (बूथ) बदलने में अंतर है। उनके मुताबिक, वार्डों की सीमाएं वर्ष 2020-21 में हुए परिसीमन के नक्शे के अनुसार ही निर्धारित हैं। इसी आधार पर मतदाताओं का वार्डवार वर्गीकरण किया गया है। उन्होंने बूथ परिवर्तन को वार्डों के परिसीमन में बदलाव बताने पर आपत्ति जताई।

दावा-आपत्ति की अंतिम तारीख 3 नवंबर

विधायक सेन ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची पर दावा-आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 3 नवंबर 2026 कर दी है। प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन 23 अक्टूबर को किया गया था। इसके बाद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें मतदाता सूची की प्रतियां भी उपलब्ध कराई गई थीं।

मतदाताओं के नाम, वार्ड और अन्य विवरणों से जुड़ी आपत्तियां प्राप्त करने के लिए प्राधिकृत अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत इन आपत्तियों का निराकरण किया जाएगा।

लापरवाही पर अधिकारियों-कर्मचारियों को नोटिस

मतदाता सूची में त्रुटियों के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग को लेकर सेन ने बताया कि संबंधित ऑपरेटरों, बीएलओ, एईआरओ और ईआरओ को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि त्रुटियों को सुधारने और जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया जारी है।

तथ्यों के आधार पर बात करे कांग्रेस

रिकेश सेन ने कांग्रेस से आरोप लगाने के बजाय निर्वाचन प्रक्रिया में किए जा रहे सुधारों और उपलब्ध तथ्यों पर बात करने की अपील की। उनका कहना है कि वार्डों की सीमाएं पूर्व परिसीमन के अनुसार हैं, बूथ परिवर्तन को वार्ड परिवर्तन बताना सही नहीं है और दावा-आपत्ति की समय-सीमा भी बढ़ाई जा चुकी है।

मतदाता सूची को लेकर भूपेश बघेल के आरोपों और विधायक रिकेश सेन के जवाब के बीच निकाय चुनाव से पहले राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here