कांकेर में सुरक्षा बलों को मिली बड़ी सफलता, जंगल से नक्सली डंप बरामद

0
13

दो भरमार बंदूक, 2 किलो का IED पैकेट और 24 BGL सेल समेत विस्फोटक सामग्री जब्त, मौके पर ही नष्ट किए गए विस्फोटक

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के ग्राम जुराहान मेहड़ा और माचपल्ली के बीच जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान नक्सली डंप बरामद किया गया। जिला बल, सीमा सुरक्षा बल (BSF) और बम निरोधक दस्ते (BDS) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए हथियार, विस्फोटक और अन्य नक्सली सामग्री जब्त की है।

31 अक्टूबर को चलाया गया संयुक्त अभियान

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में संयुक्त सर्चिंग अभियान चलाया गया था। इस दौरान सुरक्षा बलों ने जंगल में छिपाकर रखी गई नक्सली सामग्री का पता लगाया।

अभियान का नेतृत्व बीएसएफ की 94वीं वाहिनी के इंस्पेक्टर सुमन कंथोसू ने किया।

डंप से हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद

सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों ने दो भरमार बंदूक, 2 किलो का एक पैकेट आईईडी, 24 बीजीएल सेल, एक वायरलेस सेट, चार पाउच, एक जीपीएस, 14 पटाखे, एक फोटो कार्ट्रिज, दवाइयां, नक्सली साहित्य और अन्य सामग्री बरामद की।

मौके पर ही नष्ट किए गए विस्फोटक

सुरक्षा बलों ने बरामद आईईडी और अन्य विस्फोटक पदार्थों को सुरक्षा मानकों के तहत मौके पर ही नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई में बम निरोधक दस्ते की टीम भी शामिल रही।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अभियान

यह अभियान बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बद्री नारायण मीणा, बीएसएफ डीआईजी दीपक तिवारी, कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा और बीएसएफ की 94वीं वाहिनी के अधिकारियों के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।

पुलिस के अनुसार, नक्सल प्रभावित और सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बलों का संयुक्त सर्चिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। इसका उद्देश्य क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here