धमतरी में 15 नवंबर से 108 केंद्रों पर होगी धान खरीदी, आठ नए उपार्जन केंद्र शुरू

0
9

पहले दिन के लिए 83 केंद्रों में 554 किसानों ने कटाए टोकन, करीब 20 हजार क्विंटल धान खरीदने की तैयारी; जिले में 66 लाख क्विंटल का लक्ष्य

धमतरी। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धमतरी जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होगी। इस वर्ष किसानों की सुविधा के लिए जिले में आठ नए उपार्जन केंद्र खोले गए हैं। इसके साथ ही धान खरीदी केंद्रों की संख्या 100 से बढ़कर 108 हो गई है। जिला प्रशासन ने खरीदी की तैयारियां पूरी कर ली हैं।

✦
✧
✦
🪔 FESTIVE GREETINGS 🪔
Alok Pandey Festival Greetings
✨ दीपावली एवं सभी पर्वों की हार्दिक शुभकामनाएँ ✨
✺

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी उपार्जन केंद्रों में किसानों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रहें। टोकन वितरण, भीड़ प्रबंधन, धान की गुणवत्ता जांच, नापतौल, बारदाना, परिवहन और भुगतान व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने नियमित निरीक्षण करने और किसानों की समस्याओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश भी दिए।

 आठ नए उपार्जन केंद्रों की हुई शुरुआत

इस वर्ष जिले में भुसरेंगा, अटंग, सिलघट, सिलौटी, सिंधोरीखुर्द, बुड़ेनी, राजपुर और टांगापानी में नए धान उपार्जन केंद्र खोले गए हैं। अब जिले के किसान कुल 108 केंद्रों पर अपनी उपज बेच सकेंगे।

जिले में इस खरीफ विपणन वर्ष के लिए 66 लाख क्विंटल धान खरीदी का अनुमानित लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं, धान के अवैध परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए बोरई, बनरौद, सांकरा, बांसपानी, जैतपुरी और मोहेरा में छह चेक पोस्ट बनाए गए हैं। यहां जिला और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

 पहले दिन के लिए 554 किसानों ने कटाए टोकन

15 नवंबर को खरीदी के पहले दिन के लिए जिले के 83 उपार्जन केंद्रों में अब तक 554 किसानों ने टोकन कटाए हैं। इन किसानों से लगभग 20 हजार क्विंटल धान खरीदे जाने की तैयारी है। टोकन व्यवस्था के जरिए किसानों को निर्धारित तिथि और समय पर धान बेचने की सुविधा मिलेगी, जिससे केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ और लंबी प्रतीक्षा से बचा जा सकेगा।

बारदाना और परिवहन की व्यवस्था पूरी

जिला प्रशासन के अनुसार, सभी उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त बारदाना, नापतौल उपकरण, मानव संसाधन, कंप्यूटर और आईटी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। धान के सुरक्षित भंडारण और परिवहन की तैयारियां भी की गई हैं। प्रत्येक केंद्र के लिए नोडल अधिकारी और संबंधित विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। ये अधिकारी नियमित रूप से केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।

 टोकन के अनुसार केंद्र पहुंचने की अपील

जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपने टोकन में निर्धारित तिथि और समय के अनुसार ही उपार्जन केंद्र पहुंचें। साथ ही धान को तय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तैयार करके लाएं, ताकि खरीदी प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हो सके।

बैठक में अपर कलेक्टर इंदिरा देवहारी, नगर निगम आयुक्त अरुण वर्मा सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना और धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here