
अंबिकापुर के शंकर घाट, महामाया घाट और शिवधारी कॉलोनी छठ घाट पहुंचे मंत्री, अधिकारियों को साफ-सफाई, सुरक्षा और रोशनी की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
सरगुजा। छठ महापर्व को लेकर अंबिकापुर शहर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने 13 नवंबर को शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया।
मंत्री ने शंकर घाट, महामाया घाट और गोधनपुर स्थित शिवधारी कॉलोनी छठ घाट पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
शंकर घाट पर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
शंकर घाट के निरीक्षण के दौरान मंत्री ने घाट परिसर की स्वच्छता, सुरक्षा और श्रद्धालुओं के आवागमन की व्यवस्था देखी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में पर्याप्त रोशनी, सुरक्षित आवागमन और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए।
महामाया घाट और शिवधारी कॉलोनी घाट का निरीक्षण
इसके बाद मंत्री महामाया घाट पहुंचे और वहां छठ पूजा की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंत्री ने गोधनपुर स्थित शिवधारी कॉलोनी छठ घाट का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था और श्रद्धा का महत्वपूर्ण पर्व है। इसलिए घाटों पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।
















