राष्ट्रपति मुर्मू की सुरक्षा में लापरवाही: हेलीकॉप्टर का पहिया धंसा, टली बड़ी दुर्घटना

0
89

तिरुवनंतपुरम । केरल दौरे पर पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सुरक्षा में बुधवार को गंभीर चूक सामने आई। सबरीमाला मंदिर दर्शन के कार्यक्रम से पहले प्रमदम के राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम में राष्ट्रपति के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के दौरान हेलीपैड धंस गया।

हेलीकॉप्टर के पहिए गीले कंक्रीट में धंसने से कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस और फायर एंड रेस्क्यू सर्विसेज के कर्मियों ने तुरंत स्थिति को संभाल लिया। राहत की बात यह रही कि राष्ट्रपति मुर्मू, सुरक्षाकर्मी और चालक दल सभी सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर मूल रूप से निलक्कल में उतरना था, लेकिन खराब मौसम और भारी बारिश के चलते लैंडिंग स्थल बदलकर पथानमथिट्टा के प्रमदम स्टेडियम कर दिया गया। यहां हेलीपैड पर जल्दबाजी में नया कंक्रीट डाला गया था, जो पूरी तरह सूखा नहीं था।

इस घटना के बाद राष्ट्रपति ने निर्धारित कार्यक्रम के तहत सबरीमाला मंदिर पहुंचकर दर्शन किए।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 21 से 24 अक्टूबर तक चार दिवसीय केरल दौरे पर हैं। इस दौरान वे 22 अक्टूबर को सबरीमाला मंदिर में दर्शन और आरती, 23 अक्टूबर को पूर्व राष्ट्रपति के.आर. नारायणन की प्रतिमा का अनावरण और वर्खला के शिवगिरी मठ में श्री नारायण गुरु की महासमाधि शताब्दी समारोह में शामिल होंगी।

इसके बाद वे सेंट थॉमस कॉलेज, पलई के प्लैटिनम जुबली समापन समारोह और 24 अक्टूबर को सेंट टेरेसा कॉलेज, एर्नाकुलम की शताब्दी समारोह में मुख्य अतिथि होंगी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here