
15 अगस्त तक तकनीकी खामियां दूर करने का लक्ष्य, शिक्षकों से ऐप का उपयोग जारी रखने की अपील
रायपुर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने स्पष्ट किया है कि VSK ऐप में आ रही तकनीकी समस्याओं के कारण प्रदेश के किसी भी शिक्षक का वेतन नहीं काटा जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षक संगठनों और शिक्षकों की ओर से मिली शिकायतों को राज्य सरकार ने गंभीरता से लिया है और सभी तकनीकी खामियों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
15 अगस्त तक समाधान का लक्ष्य
शिक्षा मंत्री ने बताया कि संबंधित अधिकारियों और तकनीकी टीम को ऐप में आ रही त्रुटियों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का लक्ष्य है कि 15 अगस्त तक सभी तकनीकी समस्याओं का समाधान कर VSK ऐप को पूरी तरह सुचारु बनाया जाए, ताकि शिक्षक बिना किसी परेशानी के अपनी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर सकें।
85 प्रतिशत शिक्षक कर रहे हैं ऐप का उपयोग
गजेंद्र यादव ने बताया कि प्रदेश के करीब 1 लाख 75 हजार शिक्षकों में से लगभग डेढ़ लाख शिक्षक, यानी करीब 85 प्रतिशत, प्रतिदिन VSK ऐप के माध्यम से अपनी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं। उन्होंने इसे शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और तकनीक के बेहतर उपयोग की दिशा में सकारात्मक पहल बताया।
तकनीकी खामी का नुकसान नहीं उठाना पड़ेगा
शिक्षा मंत्री ने कहा कि यदि किसी शिक्षक को तकनीकी कारणों से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में परेशानी होती है, तो उसके हितों की पूरी सुरक्षा की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी शिक्षक को तकनीकी खामी का खामियाजा नहीं भुगतना पड़ेगा और सरकार शिक्षकों के सम्मान, सुविधा तथा हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सुझाव देने की अपील
गजेंद्र यादव ने शिक्षकों से अपील की कि वे पहले की तरह VSK ऐप का उपयोग जारी रखें। यदि ऐप से जुड़ी कोई तकनीकी समस्या या सुझाव हो, तो उसे संबंधित अधिकारियों तक अवश्य पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि सरकार सभी सुझावों पर सकारात्मक विचार कर आवश्यक सुधार करेगी, ताकि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी एवं तकनीक-सक्षम बन सके।
















