अवैध शराब परिवहन करते आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, 102 पौवा शराब जब्त

0
3

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की कार्रवाई में अवैध रूप से शराब परिवहन कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 102 पौवा अंग्रेजी गोल्डन गोवा व्हिस्की, परिवहन में प्रयुक्त टीवीएस जुपिटर वाहन और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त सामान की कुल कीमत 1 लाख 19 हजार 240 रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, थाना खमतराई क्षेत्र के मेटल पार्क रावांभाठा इलाके में एक व्यक्ति द्वारा दोपहिया वाहन से अवैध शराब ले जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की।

तलाशी के दौरान वाहन में रखी दो प्लास्टिक बोरियों से कुल 102 नग (180 एमएल) गोल्डन गोवा व्हिस्की बरामद हुई। आरोपी शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पूछताछ में आरोपी की पहचान जितेन्द्र निषाद (22 वर्ष) निवासी नया बेन्द्री, उरला, रायपुर के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से 18.360 बल्क लीटर शराब, टीवीएस जुपिटर (CG04 QX-8381) और टेक्नो स्पार्क एंड्रॉयड मोबाइल जब्त कर लिया।

आरोपी के विरुद्ध थाना खमतराई में आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here