आयुष्मान कार्ड अभियान में बलरामपुर ने दर्ज की 92 प्रतिशत से अधिक उपलब्धि

0
7

रायपुर प्रदेश में बेहतर और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और आयुष्मान वय वंदना योजना के तहत आयुष्मान कार्ड निर्माण अभियान तेज गति से जारी है। बलरामपुर जिले में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयासों से बड़ी संख्या में पात्र नागरिकों का पंजीयन किया जा रहा है।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन और जिला पंचायत के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य कार्यकर्ता, मितानिन और स्वास्थ्य मित्र ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में घर-घर पहुंचकर पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बना रहे हैं। अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को योजना से जोड़कर उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराना है।

जिले में राशन कार्ड डेटा के आधार पर कुल 8 लाख 2 हजार 384 पात्र हितग्राहियों की पहचान की गई है। इनमें से अब तक 7 लाख 40 हजार 417 लोगों के आयुष्मान कार्ड बन चुके हैं। इस तरह जिले ने 92.28 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है। शेष पात्र हितग्राहियों का पंजीयन कार्य भी लगातार जारी है।

वहीं, आयुष्मान वय वंदना योजना के तहत 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को विशेष स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की जा रही है। ई-केवाईसी पूर्ण होने के बाद वरिष्ठ नागरिक अपना अलग कार्ड बनवा सकते हैं, जिसके जरिए उन्हें प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक निःशुल्क उपचार की सुविधा मिलेगी।

जिले में इस योजना के अंतर्गत 21 हजार 609 पात्र वरिष्ठ नागरिकों की पहचान की गई है। इनमें से अब तक 13 हजार 921 वरिष्ठ नागरिकों का पंजीयन पूरा हो चुका है। स्वास्थ्य विभाग ने शेष पात्र लोगों से भी जल्द पंजीयन कराने की अपील की है, ताकि जरूरत पड़ने पर वे योजना का लाभ आसानी से उठा सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here