
पीएम मोदी ने इथियोपिया और मलेशिया के प्रधानमंत्रियों से की द्विपक्षीय बैठक, सेमीकंडक्टर समेत कई क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा
नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली और मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें कीं। बैठकों में दोनों देशों के साथ भारत की रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के साथ आर्थिक सहयोग, रक्षा और सुरक्षा समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, दोनों देशों ने भारत के साथ रक्षा सहयोग को मजबूत करने में रुचि दिखाई है। वहीं, आर्थिक और निवेश संबंधों को आगे बढ़ाने की संभावनाओं पर भी बातचीत हुई।
इथियोपिया ने भारतीय कंपनियों का किया स्वागत
इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली के साथ बैठक में दोनों नेताओं ने आपसी हित से जुड़े क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। प्रधानमंत्री मोदी ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में इथियोपिया की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि इससे ग्लोबल साउथ की सामूहिक आवाज को मजबूती मिली है।
बैठक के दौरान इथियोपिया ने भारत के साथ रक्षा सहयोग बढ़ाने की इच्छा जताई और भारतीय उद्योग एवं निवेश का स्वागत किया। खास तौर पर इथियोपिया ने भारतीय खनन कंपनियों को अपने देश में निवेश के लिए आमंत्रित किया है।
मलेशिया के साथ सेमीकंडक्टर पर चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी और मलेशिया के पीएम अनवर इब्राहिम के बीच हुई बैठक में फरवरी 2026 में मोदी की मलेशिया यात्रा के दौरान हुए फैसलों की प्रगति की समीक्षा की गई। दोनों नेताओं ने व्यापार एवं निवेश, रक्षा और सुरक्षा, सेमीकंडक्टर, इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, फिनटेक, शिक्षा, पर्यटन और लोगों के बीच संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा की।
मलेशिया ने कोटा किनाबालु, सबाह में भारत का वाणिज्य दूतावास खोलने के लिए अपनी सहमति भी जताई है।
बैठकों से संकेत मिले हैं कि भारत और इथियोपिया के बीच खनन, निवेश और रक्षा सहयोग तथा भारत-मलेशिया के बीच सेमीकंडक्टर सहित अन्य क्षेत्रों में साझेदारी को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हो सकती है।


















