
टैलेंट हंट और ऑडिशन पहल से जुड़ीं अभिनेत्री, युवाओं के सपनों को मंच देने को लेकर उत्साहित
मुंबई अभिनेत्री रश्मिका मंदाना अब भारत के उभरते कलाकारों को तलाशने और उन्हें आगे बढ़ने का मौका देने वाली एक खास पहल का हिस्सा बन गई हैं। रश्मिका ने HYBE इंडिया के टैलेंट ऑडिशन से हाथ मिलाया है। इस पहल का उद्देश्य देश के अलग-अलग हिस्सों से नए टैलेंट की पहचान करना, उन्हें निखारना और बड़े मंच तक पहुंचने का अवसर देना है।
रश्मिका के लिए यह जुड़ाव इसलिए भी खास है, क्योंकि उन्होंने खुद अपने करियर में कई चुनौतियों का सामना करते हुए आज इंडस्ट्री में एक अलग मुकाम बनाया है। उनका मानना है कि किसी भी बड़े सफर की शुरुआत एक मौके से होती है और उस मौके को स्वीकार करने के लिए आत्मविश्वास और हिम्मत जरूरी है।
कई शहरों में हो रहे ऑडिशन
HYBE दुनिया के चर्चित K-Pop कलाकारों और ग्रुप्स के साथ काम करने के लिए जाना जाता है। अब HYBE इंडिया ने अपने टैलेंट हंट का दायरा बढ़ाते हुए देश के कई शहरों में ऑडिशन आयोजित करने की पहल की है। इसके जरिए अलग-अलग क्षेत्रों से प्रतिभाओं को सामने लाने की कोशिश की जा रही है।
इस पहल से जुड़कर रश्मिका भी काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि यह भारत के युवाओं के लिए ऐसा अवसर है, जो उन्हें उस मुकाम तक पहुंचा सकता है जिसकी उन्होंने शायद कल्पना भी न की हो।
रश्मिका ने अपने अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि पीछे मुड़कर देखने पर उन्हें एहसास होता है कि खुद पर भरोसा रखना, लगातार मेहनत करना और आगे बढ़ने वाली संभावनाओं को स्वीकार करना कितना महत्वपूर्ण है। उनका मानना है कि नए टैलेंट के लिए सही अवसर उनके सपनों को नई दिशा दे सकता है।


















