
कप्तान अनमोल इक्का ने दागे दो गोल, सुखविंदर ने भी किया स्कोर
नई दिल्ली। पांच बार की चैंपियन भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने जूनियर एशिया कप के फाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने मलेशिया को 3-1 से शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले का टिकट पक्का किया।
भारत की जीत के नायक कप्तान अनमोल इक्का रहे। उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम के लिए दो गोल किए। वहीं सुखविंदर ने भी एक गोल दागकर भारत की बढ़त मजबूत की। मलेशिया की ओर से एम. राहुल ने एकमात्र गोल किया।
पूल ए में भी रहा शानदार प्रदर्शन
भारतीय टीम ने टूर्नामेंट के पूल ए चरण में भी बेहतरीन खेल दिखाया था। टीम ने तीन मुकाबलों में जीत और एक ड्रॉ के साथ कुल 10 अंक हासिल किए और पूल में शीर्ष स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया था।
अब फाइनल में भारतीय टीम की नजरें छठी बार जूनियर एशिया कप का खिताब अपने नाम करने पर होंगी। टीम ने सेमीफाइनल में मलेशिया के खिलाफ आत्मविश्वास भरा प्रदर्शन कर खिताबी मुकाबले से पहले अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर दी है।


















