
जशपुर जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन ‘आघात’ के तहत नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 552 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1.21 करोड़ रुपये बताई गई है। इस कार्रवाई में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि कुछ आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
ओडिशा से अंबिकापुर ले जाई जा रही थी खेप
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजे की खेप ओडिशा से तस्करी कर तपकरा-कुनकुरी मार्ग होते हुए अंबिकापुर ले जाई जा रही थी। पुलिस ने घेराबंदी कर तस्करों को पकड़ लिया और भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया।
तीन लग्जरी वाहन भी जब्त
कार्रवाई के दौरान तस्करी में इस्तेमाल की जा रही इनोवा, ब्रेजा और आर्टिगा कारों को भी जब्त किया गया। गिरफ्तार दोनों आरोपी ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के निवासी बताए गए हैं।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।



















