दोगुना पैसा देने का झांसा, निवेश योजना के नाम पर सैकड़ों महिलाओं से करोड़ों की कथित ठगी

0
156

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के विभिन्न गांवों की सैकड़ों महिलाओं ने कथित निवेश घोटाले की शिकायत लेकर सारंगढ़ सिटी कोतवाली पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। महिलाओं का आरोप है कि रकम दोगुनी करने और माइक्रो फाइनेंस के जरिए ऋण दिलाने का झांसा देकर उनसे करोड़ों रुपये की ठगी की गई।

दोगुना रिटर्न और ऋण का दिया था लालच

पीड़ित महिलाओं के अनुसार, ग्वालिनडीह निवासी दिनेश बंजारे ने स्वयं को एक एनजीओ से जुड़ा बताते हुए “नारी रक्षा सम्मान निधि” योजना में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। आरोप है कि उसने निवेश की राशि दोगुनी लौटाने और माइक्रो फाइनेंस के माध्यम से ऋण दिलाने के साथ-साथ मासिक किस्त स्वयं जमा करने का भरोसा दिया।

शुरुआत में मिला भुगतान, फिर बंद हुई रकम

महिलाओं का कहना है कि शुरुआती कुछ महीनों तक तय राशि का भुगतान किया गया, जिससे लोगों का भरोसा बढ़ा। इसके बाद बड़ी संख्या में महिलाओं ने योजना में निवेश किया, लेकिन कुछ समय बाद भुगतान पूरी तरह बंद हो गया। अब न तो निवेश की गई रकम वापस मिल रही है और न ही आरोपी से संपर्क हो पा रहा है।

पहले से जेल में बंद है आरोपी

जानकारी के अनुसार, जिस व्यक्ति पर महिलाओं ने आरोप लगाए हैं, वह पहले से साइबर ठगी से जुड़े म्यूल अकाउंट मामले में जेल में बंद है। अब इस नए निवेश घोटाले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस का कहना है कि महिलाओं की शिकायत प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here