
9 सितंबर से थे लापता, मंगलाघाट खड्ड के पास NH-05 से नीचे गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त मिला वाहन
शिमला । किन्नौर जिले से 9 सितंबर से लापता चल रहे दो युवकों का वाहन मंगलवार सुबह शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में मंगलाघाट खड्ड के समीप गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिला। हादसे में वाहन सवार दोनों युवकों की मौत हो गई।
खाई में मिला एर्टिगा वाहन
पुलिस के मुताबिक, दोनों युवक मारुति सुजुकी एर्टिगा में सवार होकर निकले थे और 9 सितंबर से उनका कोई पता नहीं चल रहा था। परिजनों की सूचना के बाद पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी।
मंगलवार सुबह मंगलाघाट खड्ड के पास NH-05 से नीचे गहरी खाई में वाहन दुर्घटनाग्रस्त मिला। पुलिस और स्थानीय प्रशासन को सूचना देने के बाद रेस्क्यू टीम की मदद से दोनों शवों को खाई से बाहर निकाला गया।
दोनों मृतकों की पहचान हुई
मृतकों की पहचान 28 वर्षीय अरविंदर नेगी, पुत्र अनिल कुमार और 22 वर्षीय प्रशांत गंधर्व, पुत्र मनोहर लाल के रूप में हुई है। दोनों किन्नौर जिले के पोवारी, डाकघर तंगलिंग, तहसील कल्पा के निवासी थे।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। दुर्घटना के कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।















