
30 सितंबर को खड़गवां को क्षय रोग मुक्त घोषित किया जाएगा: स्वास्थ्य मंत्री, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा व्यापक स्वास्थ्य जांच अभियान
मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुरl । जिले के दूरस्थ इलाकों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने खड़गवां से ‘सक्षम MCB सेवा संकल्प अभियान 2026’ का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक व्यापक स्वास्थ्य शिविर और जांच अभियान चलाया जाएगा।
इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खड़गवां में वृहद स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक उपचार का लाभ लिया। अभियान का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को केवल बड़े अस्पतालों तक सीमित रखने के बजाय गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाना है।
शिविर में चिकित्सा, स्त्री रोग, शिशु रोग, हृदय रोग, अस्थि रोग, नेत्र, त्वचा, कान-नाक-गला, दंत रोग और फिजियोथेरेपी सहित विभिन्न विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार और चिकित्सकीय परामर्श दिया।
इसके साथ ही रक्तचाप, मधुमेह और कैंसर जैसे गैर-संचारी रोगों की जांच की गई। महिलाओं और किशोरियों का स्वास्थ्य परीक्षण, गर्भवती महिलाओं की जांच, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं तथा वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी उपलब्ध रही।
30 सितंबर को खड़गवां होगा क्षय रोग मुक्त घोषित
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि आगामी 30 सितंबर को जनपद खड़गवां को क्षय रोग मुक्त घोषित किया जाएगा। इसके लिए बीमारी की समय पर पहचान और प्रभावी उपचार सुनिश्चित करने के साथ लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
मंत्री ने खड़गवां, चिरमिरी और मनेंद्रगढ़ की जीवन दीप समितियों की आय में हुई बढ़ोतरी का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह समितियों में कार्य करने वाले लोगों की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। स्वास्थ्य संस्थानों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में जीवन दीप समितियों की भूमिका महत्वपूर्ण है।



















