
ब्रसेल्स फाइनल में 89.04 मीटर का थ्रो कर जीता खिताब, शानदार प्रदर्शन के साथ सीजन का किया अंत
ब्रसेल्स श्रीलंका के स्टार जैवलिन थ्रोअर रुमेश थरंगा पथिरगे ने इतिहास रचते हुए डायमंड लीग फाइनल का खिताब अपने नाम किया। इसके साथ ही वह डायमंड लीग चैंपियन बनने वाले पहले श्रीलंकाई खिलाड़ी बन गए हैं। 23 वर्षीय रुमेश ने ब्रसेल्स के किंग बाउडौइन स्टेडियम में अपनी तीसरी कोशिश में 89.04 मीटर का शानदार थ्रो किया और खिताब पक्का कर लिया।
फाइनल में पोलैंड के डेविड वेगनर 87.47 मीटर के थ्रो के साथ दूसरे स्थान पर रहे। वहीं त्रिनिदाद और टोबैगो के पूर्व ओलंपिक चैंपियन केशोर्न वालकॉट ने 83.99 मीटर के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। ग्रेनेडा के दो बार के विश्व चैंपियन एंडरसन पीटर्स 83.70 मीटर के थ्रो के साथ चौथे स्थान पर रहे।
खिताब जीतने के बाद रुमेश ने कहा कि पहला श्रीलंकाई बनकर डायमंड लीग फाइनल जीतना उनके लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने माना कि परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण थीं और वह 89.04 मीटर से बेहतर प्रदर्शन कर सकते थे। रुमेश ने आने वाले वर्षों में और बेहतर प्रदर्शन करने और मीटिंग रिकॉर्ड तोड़ने की कोशिश करने की बात कही।
सीजन में चार डायमंड लीग मुकाबले जीते
रुमेश ने पूरे सीजन में शानदार निरंतरता दिखाई। वह पांच डायमंड लीग मुकाबलों में से चार में विजेता रहे। रबात में अपने डेब्यू में वह दूसरे स्थान पर रहे, जबकि रोम और ज्यूरिख में उन्होंने 92 मीटर से ज्यादा के थ्रो दर्ज किए।
रोम में रुमेश का 92.62 मीटर का वर्ल्ड लीड थ्रो इस सीजन में उन्हें विश्व रैंकिंग में शीर्ष स्थान तक पहुंचाने में अहम रहा। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने दुनिया के शीर्ष जैवलिन थ्रोअर्स में अपनी मजबूत जगह बनाई।
भारतीय स्टार नीरज चोपड़ा, जो 2022 में डायमंड लीग चैंपियन रह चुके हैं, चोट के कारण इस बार फाइनल में हिस्सा नहीं ले सके। वहीं रुमेश की ऐतिहासिक जीत ने श्रीलंकाई एथलेटिक्स के लिए एक नया अध्याय जोड़ दिया है।



















