
देहरादून उत्तराखंड प्रशासन ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से खराब मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और सुरक्षित यात्रा करने की अपील की है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई हिस्सों, विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों में 12 और 13 मई को भारी बारिश और खराब मौसम की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
यात्रा के दौरान सतर्क रहने की सलाह
गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की ताजा जानकारी अवश्य लें और उसी अनुसार यात्रा की योजना बनाएं।
उन्होंने कहा कि 12 और 13 मई को मौसम की संवेदनशील स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।
प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें
प्रशासन ने यात्रियों से कहा है कि वे यात्रा के दौरान जिला प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
सभी विभागों को दिए गए निर्देश
गढ़वाल मंडल आयुक्त ने बताया कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित बनाए रखने के लिए संबंधित सभी सरकारी विभागों को आवश्यक तैयारियां और व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन लगातार मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और श्रद्धालुओं से अनावश्यक जोखिम न लेने की अपील की गई है।

















