छत्तीसगढ़ में मानसून मेहरबान, अब तक 988.5 मिमी औसत बारिश; सामान्य वर्षा का 99.9% आंकड़ा पूरा

0
12

रायपुर  छत्तीसगढ़ में इस मानसून सीजन बारिश की स्थिति फिलहाल संतोषजनक बनी हुई है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, 1 जून से 13 सितंबर तक प्रदेश में 988.5 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। यह सामान्य वर्षा के मुकाबले 99.9% है और पिछले 10 वर्षों के औसत 989.9 मिमी के लगभग बराबर है।

पिछले 24 घंटे में भी प्रदेश में 12.6 मिमी औसत बारिश हुई। इस दौरान दंतेवाड़ा में सबसे ज्यादा 46.3 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

बलरामपुर में सबसे ज्यादा बारिश

जिलेवार आंकड़ों में बलरामपुर सबसे आगे रहा। यहां अब तक 1482.8 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य औसत की तुलना में 177% है।

इसके अलावा सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 146.3%, रायपुर में 131.8%, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 127.1% और महासमुंद में 125.7% वर्षा दर्ज की गई है। बलौदाबाजार, मुंगेली, गरियाबंद और धमतरी जैसे मैदानी जिलों में भी सामान्य से ज्यादा बारिश हुई है, जिससे खरीफ फसलों को फायदा मिला है।

कुछ जिलों में अब भी बारिश की कमी

प्रदेश के कुछ जिलों में मानसून की स्थिति अपेक्षाकृत कमजोर रही है। बेमेतरा में 563.8 मिमी यानी सामान्य का 78.2% बारिश दर्ज हुई, जो प्रदेश में सबसे कम है।

सरगुजा में 589.4 मिमी यानी 79.7% बारिश हुई है। बस्तर संभाग के कांकेर में सामान्य का 67.1%, सुकमा में 70.5% और बीजापुर में 74.7% वर्षा दर्ज की गई है। वहीं नारायणपुर में 1352.7 मिमी और दंतेवाड़ा में 1216.0 मिमी बारिश के साथ स्थिति बेहतर रही है।

कई जिलों में बारिश संतुलित

बिलासपुर में 963.0 मिमी, कोरबा में 1056.9 मिमी, दुर्ग में 742.4 मिमी, सक्ती में 927.8 मिमी और जशपुर में 894.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। इन जिलों में बारिश 10-वर्षीय औसत के करीब 95% से 107% के बीच रही है।

राजनांदगांव, कबीरधाम, रायगढ़, कोंडागांव और गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में बारिश सामान्य से कुछ कम रही, लेकिन खरीफ फसलों के लिहाज से स्थिति अभी राहतजनक बताई जा रही है।

मौसम विभाग और आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष के अनुसार, आने वाले दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here