भोरमदेव शक्कर कारखाने ने लगातार दो साल हासिल की देश में सर्वाधिक रिकवरी: विजय शर्मा

0
10

28 हजार शेयरधारी गन्ना किसानों को 30 रुपये किलो की दर से 50 किलो शक्कर वितरण शुरू


कवर्धा भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना ने लगातार दो वर्षों तक देश में सर्वाधिक शुगर रिकवरी हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। इस उपलब्धि के बीच उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 28 हजार शेयरधारी गन्ना किसानों को रियायती दर पर शक्कर वितरण की शुरुआत की। किसानों को 30 रुपये प्रति किलो की दर से 50 किलो शक्कर दी जाएगी।

यह लगातार तीसरा साल है, जब कारखाने से जुड़े किसानों को रियायती दर पर शक्कर उपलब्ध कराई जा रही है। कार्यक्रम में आदिम जाति विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी मंत्री रामविचार नेताम वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

2024-25 और 2025-26 में मिला एफिशिएंसी अवार्ड

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना कवर्धा ने 2024-25 और 2025-26 में देश में सर्वाधिक शुगर रिकवरी हासिल की है। इसके लिए नेशनल को-ऑपरेटिव शुगर फेडरेशन, नई दिल्ली की ओर से कारखाने को एफिशिएंसी अवार्ड और प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सिर्फ कारखाने की नहीं, बल्कि किसानों की मेहनत का परिणाम है। गुणवत्तापूर्ण गन्ने का उत्पादन और किसानों का परिश्रम ही बेहतर रिकवरी की आधारशिला है।

4,686 नए किसान बने शेयरधारी

विजय शर्मा ने बताया कि इस वर्ष 4,686 नए किसानों को शेयरधारी बनाया गया है। इसके साथ कारखाने से जुड़े शेयरधारी किसानों की संख्या करीब 28 हजार हो गई है। इन सभी को 30 रुपये प्रति किलो की रियायती दर पर 50 किलो शक्कर उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने कहा कि किसानों को मिल रहा यह लाभ सहकारिता की भावना और कारखाने के साथ उनके जुड़ाव का परिणाम है।

गन्ने की पेराई का लक्ष्य बढ़ाकर 4 लाख टन

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष कारखाने में 2.55 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई की गई थी। इस वर्ष इसे बढ़ाकर 4 लाख मीट्रिक टन करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही 10 हजार किसानों से गन्ना अनुबंध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में कारखाने से अनुबंध करने और गन्ना उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि कारखाने का संचालन लगातार बेहतर तरीके से हो सके।

किसानों के बीच साझा होता है सहकारी व्यवस्था का लाभ

विजय शर्मा ने कहा कि सहकारी समिति की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इससे होने वाला लाभ सदस्यों के बीच साझा होता है। उन्होंने किसानों से कारखाने से जुड़कर शेयरधारी बनने और गन्ना अनुबंध के जरिए इसकी गतिविधियों को मजबूत करने का आग्रह किया। उन्होंने किसानों का समर्थन मूल्य बोनस बढ़ाने का आश्वासन भी दिया।

त्योहारों के बीच किसानों के घर पहुंचेगी मिठास

मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि तीजा और गणेश चतुर्थी जैसे त्योहारों के बीच किसानों को रियायती दर पर शक्कर मिलना खुशी की बात है। त्योहारों में मिठाई और पकवानों के लिए शक्कर की जरूरत होती है, ऐसे में किसानों को कम कीमत पर शक्कर उपलब्ध होने से उनके त्योहार की खुशियां और बढ़ेंगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयासों से किसानों के हित में शक्कर वितरण की व्यवस्था लगातार तीसरे वर्ष जारी है। उन्होंने कहा कि बेहतर गन्ना उत्पादन और शक्कर की उच्च रिकवरी कवर्धा के किसानों की मेहनत का परिणाम है।

मंत्री नेताम ने कहा कि सरकार का प्रयास गन्ना उत्पादक किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उत्पादन बढ़ाने का है। किसानों के हित में बोनस बढ़ाने के लिए भी आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here