
रायपुर। राजधानी रायपुर के सरोना स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी विद्यालय में छात्राओं से कथित छेड़छाड़ और अशोभनीय व्यवहार के आरोप में पुलिस ने शिक्षक राहुल मेश्राम को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई छात्राओं की शिकायत और एनएसयूआई के हस्तक्षेप के बाद की गई।
छात्राओं ने लगाए अनुचित व्यवहार के आरोप
जानकारी के अनुसार, छात्राओं ने रायपुर जिला एनएसयूआई के जिला सचिव सुमित शुक्ला से शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि शिक्षक उनके साथ अनुचित व्यवहार करता था और गलत तरीके से स्पर्श करता था।
शिकायत के बाद दर्ज हुई एफआईआर
शिकायत मिलने के बाद एनएसयूआई के पदाधिकारी विद्यालय पहुंचे और छात्राओं से पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद छात्राओं को लेकर डी.डी. नगर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया।
छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : NSUI
एनएसयूआई जिला अध्यक्ष प्रशांत गोस्वामी ने कहा कि संगठन छात्राओं की सुरक्षा के मुद्दे को गंभीरता से उठाता रहा है। उन्होंने बताया कि एक दिन पहले ही रायपुर पुलिस आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर स्कूलों और कॉलेजों में छात्राओं से कथित छेड़छाड़ और अनुचित व्यवहार के मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की गई थी।
उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या अनुचित व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में संगठन पीड़ित छात्राओं के साथ खड़ा रहेगा।
इस दौरान एनएसयूआई के जिला सचिव सुमित शुक्ला के नेतृत्व में संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।


















