जशपुर में तस्करी के लिए ले जाए जा रहे 65 गौवंश मुक्त, दो की मौत; एक आरोपी गिरफ्तार

0
73

ऑपरेशन शंखनाद के तहत बगीचा पुलिस की कार्रवाई, कंटेनर ट्रक और रास्ते की रेकी में इस्तेमाल कार जब्त; तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुलिस ने गौवंश तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 65 गौवंशों को मुक्त कराया है। इनमें से दो गौवंशों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मामले में झारखंड निवासी 34 वर्षीय रेहान अंसारी को गिरफ्तार किया है। तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर ट्रक के साथ रास्ते की रेकी करने के संदेह में एक मारुति सुजुकी एस-प्रेसो कार भी जब्त की गई है। कार से जुड़ा आरोपी फिलहाल फरार है।

यह कार्रवाई ऑपरेशन शंखनाद के तहत 10 अक्टूबर की सुबह करीब 4:30 बजे बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम खंटाडांड़ में की गई। पुलिस के अनुसार, गौवंशों को कंटेनर में अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की नाकाबंदी

पुलिस को सूचना मिली थी कि कंटेनर ट्रक क्रमांक NL-01-AB-7655 में अंबिकापुर की ओर से गौवंशों को भरकर बगीचा के रास्ते झारखंड ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने ग्राम पेटा में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।

पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध कंटेनर को रोकने का प्रयास किया गया तो चालक वाहन लेकर दूसरे रास्ते से भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर ग्राम खंटाडांड़ में ट्रक को रोक लिया।

कंटेनर में मिले 65 गौवंश, दो मृत

कंटेनर की तलाशी के दौरान कुल 65 गौवंश मिले। पुलिस के अनुसार, पशुओं को बेहद अमानवीय स्थिति में रखा गया था और उनमें से दो की मौत हो चुकी थी। चालक ने पूछताछ में अपना नाम रेहान अंसारी, निवासी ग्राम सिसई, जिला गुमला, झारखंड बताया। वह गौवंशों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने सभी गौवंशों को बरामद कर पशु चिकित्सक से उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया। मृत गौवंशों का विधिवत अंतिम संस्कार किया गया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर कंटेनर ट्रक जब्त कर लिया गया।

तस्करी के रास्ते की रेकी कर रही कार भी जब्त

पुलिस ने गौवंश तस्करी के लिए रास्ते की रेकी करने के संदेह में मारुति सुजुकी एस-प्रेसो कार क्रमांक JH-01-BR-9492 को भी जब्त किया है। इस कार से जुड़े आरोपी के फरार होने की जानकारी दी गई है। पुलिस मामले में अन्य संदिग्धों की पहचान और तलाश कर रही है।

आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज

रेहान अंसारी के खिलाफ बगीचा थाने में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6 और 10, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क)(घ) तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 325 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

जनवरी से अब तक 1108 गौवंश मुक्त कराने का दावा

जशपुर पुलिस के अनुसार, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जनवरी 2026 से अब तक गौवंश तस्करी के 98 मामलों में कार्रवाई की गई है। इन मामलों में कुल 1108 गौवंशों को मुक्त कराया गया, 131 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और तस्करी में इस्तेमाल 36 वाहन जब्त किए गए।

पुलिस ने कहा कि गौवंशों के अवैध परिवहन और पशुओं के प्रति क्रूरता के मामलों में कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here