
अम्बिकापुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर जिले में कुष्ठ रोग के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए रैली और प्रचार-प्रसार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बीमारी को लेकर लोगों के बीच बनी भ्रांतियों को दूर करना और कुष्ठ प्रभावित लोगों के प्रति भेदभाव खत्म करने का संदेश देना था।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे. एस. सरूता, जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अधिकारी डॉ. व्ही. सी. पैंकरा, सिविल सर्जन डॉ. जे. के. रेलवानी और जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. पी. के. सिन्हा ने जागरूकता रथ और रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान लोगों ने कुष्ठ रोग से जुड़ी गलत धारणाओं को दूर करने और कुष्ठ प्रभावित व्यक्तियों के साथ भेदभाव नहीं करने की शपथ ली। जिले के सभी विकासखंडों और शहरी क्षेत्रों में भी बैनर, रैली और अन्य जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। ग्राम सभाओं के माध्यम से भी लोगों को बीमारी के प्रति जागरूक किया गया।
जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. पी. के. सिन्हा ने बताया कि जिले में कुष्ठ रोग के मामलों में कमी आई है, लेकिन इसके लक्षणों और उपचार को लेकर लोगों को लगातार जागरूक करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि लक्षण दिखाई देने पर बिना झिझक जांच और समय पर उपचार कराना चाहिए।
उन्होंने बताया कि बीमारी की समय पर पहचान और उपचार के साथ जनभागीदारी से कुष्ठ रोग को लेकर फैली भ्रांतियों और सामाजिक भेदभाव को कम किया जा सकता है। जिले को कुष्ठ मुक्त बनाने के लिए जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेगा।


















