
देशभर में आज गणेश चतुर्थी का पर्व श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। भगवान गणेश के जन्मोत्सव के रूप में मनाए जाने वाले इस पर्व को विनायक चतुर्थी और गणेश उत्सव के नाम से भी जाना जाता है।
गणेश चतुर्थी के साथ ही दस दिवसीय गणेश उत्सव की शुरुआत हो गई है। इस अवसर पर श्रद्धालु घरों और सार्वजनिक पंडालों में भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर रहे हैं। भगवान गणेश को बुद्धि, समृद्धि और सौभाग्य का देवता माना जाता है।
राष्ट्रपति ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भी गणेश चतुर्थी के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में उन्होंने भगवान गणेश को ज्ञान, समृद्धि और शुभ शुरुआत का प्रतीक बताया।
राष्ट्रपति ने कहा कि यह पवित्र पर्व लोगों को जीवन में नए संकल्पों के साथ आगे बढ़ने और प्रगति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने देशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।















