
रायपुर रायपुर पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए शातिर वाहन चोर अभय दुबे को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 05 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पेट्रोल पंप से चोरी हुई थी बाइक
प्रार्थी देवेंद्र साहू ने थाना उरला में शिकायत दर्ज कराई थी कि 4 जुलाई 2026 को वह उरला स्थित एक पेट्रोल पंप पर काम करने आया था। उसने अपनी बाइक पेट्रोल पंप परिसर में खड़ी की थी, लेकिन काम खत्म कर लौटने पर वाहन वहां नहीं मिला। किसी अज्ञात चोर ने बाइक चोरी कर ली थी। शिकायत के आधार पर थाना उरला में अपराध क्रमांक 305/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को दबोचा
मामले को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी (नॉर्थ) मयंक गुर्जर ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा और थाना प्रभारी उरला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की।
घटनास्थल का निरीक्षण, आसपास के लोगों से पूछताछ और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। इसी दौरान सूचना मिली कि एक व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में चार और वाहन चोरी करना कबूला
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अभय दुबे बताया और बरामद मोटरसाइकिल के चोरी का होना स्वीकार किया। आगे पूछताछ में उसने अलग-अलग स्थानों से चार अन्य दोपहिया वाहन चोरी करने की बात भी कबूल कर ली।
05 चोरी के वाहन बरामद
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 05 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए। बरामद वाहनों की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपी अभय दुबे (30), ग्राम रामपुर डुंगा, जिला बलरामपुर का निवासी है और वर्तमान में उरला, रायपुर में रह रहा था। पुलिस आरोपी से अन्य वाहन चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
















