
रायपुर रायपुर पुलिस की एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF), एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और पुरानी बस्ती थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में नारकोटिक एक्ट के मामले में फरार मुख्य आरोपी और एक महिला आरोपी सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 8 मई 2026 को भाठागांव-खुड़मुड़ा रोड पर नाकेबंदी के दौरान सूचना मिली थी कि एक सफेद मारुति स्विफ्ट कार में अवैध गांजा परिवहन किया जा रहा है। पुलिस ने वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक तेज रफ्तार में वाहन लेकर भाग निकला। कुछ दूरी पर कार छोड़कर आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
वाहन की तलाशी में डिक्की से 21.173 किलोग्राम गांजा, दो मोबाइल फोन, 5 लीटर डीजल और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 12.79 लाख रुपये आंकी गई।
मामले की जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और दस्तावेजों के विश्लेषण से पुलिस को आरोपी शिवम सोनी और काजल साहू के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके आधार पर दोनों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी शिवम सोनी पहले से ही एक अन्य एनडीपीएस एक्ट मामले में फरार चल रहा था। उसके खिलाफ न्यू राजेंद्र नगर थाना में भी गांजा तस्करी का मामला दर्ज है, जिसमें वह पुलिस कार्रवाई के दौरान फरार हो गया था।
गिरफ्तार आरोपी शिवम सोनी (24 वर्ष) मूल रूप से कौशाम्बी, उत्तर प्रदेश का निवासी है, जबकि काजल साहू (28 वर्ष) रायपुर जिले की रहने वाली है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले में आगे की जांच कर रही है।



















