निःशुल्क डायलिसिस सेवा से मरीजों को राहत, जिला अस्पताल में 14,410 सेशन पूरे

0
2

बलौदाबाजार जिला अस्पताल में संचालित निःशुल्क डायलिसिस सेवा किडनी मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय निःशुल्क डायलिसिस कार्यक्रम के तहत मरीजों को यह सुविधा पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध कराई जा रही है।

कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अस्पताल का डायलिसिस केंद्र जरूरतमंद मरीजों के लिए लाभकारी साबित हो रहा है।

सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा ने बताया कि जिला अस्पताल में वर्ष 2023 से डायलिसिस सेवा शुरू की गई थी। सेवा शुरू होने के बाद अब तक 14,410 डायलिसिस सेशन पूरे किए जा चुके हैं और 197 पंजीकृत मरीज इसका लाभ ले चुके हैं।

वहीं, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अवस्थी ने बताया कि केंद्र सरकार की इस योजना से आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को काफी मदद मिल रही है। उन्होंने कहा कि 25 जून को नए किडनी मरीजों के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा ऑनलाइन परामर्श भी उपलब्ध कराया जाएगा।

भाटापारा विकासखंड के ग्राम गोगिया निवासी सुनील कुमार ने बताया कि जिला अस्पताल में उनका पहला डायलिसिस सेशन हुआ है। इससे पहले निजी अस्पताल में हर सप्ताह डायलिसिस पर 7 से 8 हजार रुपये तक खर्च करना पड़ता था, जबकि अब नि:शुल्क सुविधा मिलने से उन्हें आर्थिक और मानसिक दोनों तरह की राहत मिली है।

जिला अस्पताल की यह पहल किडनी मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित हो रही है और आमजन तक सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here