नीति आयोग की रिपोर्ट में चमका छत्तीसगढ़ का उसूर ब्लॉक, देश में मिला दूसरा स्थान

0
97

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बोले – यह सुशासन और जनविश्वास की बड़ी जीत


रायपुर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं का असर अब छत्तीसगढ़ के सुदूर अंचलों में भी दिखाई देने लगा है। बीजापुर जिले के उसूर ब्लॉक ने नीति आयोग की ‘चैंपियंस ऑफ द क्वार्टर’ रिपोर्ट (अक्टूबर-दिसंबर 2025) में सेंट्रल ज़ोन के अंतर्गत पूरे देश में दूसरा स्थान हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री ने दी बधाई

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर उसूर ब्लॉक, बीजापुर जिले के नागरिकों, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और जिला प्रशासन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनता के भरोसे का परिणाम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर के दूरस्थ गांवों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता रही है और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उसूर ब्लॉक ने जो सफलता हासिल की है, वह पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायक है।

उन्होंने कहा कि इस सफलता का श्रेय जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे डॉक्टरों, एएनएम, मितानिन बहनों और स्वास्थ्य कर्मचारियों के समर्पण को जाता है। मुख्यमंत्री ने भविष्य में देश में पहला स्थान हासिल करने का लक्ष्य भी जताया।

मंत्री केदार कश्यप ने जताई खुशी

वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सरकार की नीतियों के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि कभी बुनियादी सुविधाओं से दूर माने जाने वाला उसूर ब्लॉक आज पूरे देश के लिए विकास का मॉडल बनकर उभरा है। मंत्री ने स्वास्थ्य कर्मियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मितानिनों की मेहनत की सराहना की।

इन क्षेत्रों में शानदार प्रदर्शन

नीति आयोग ने स्वास्थ्य और सामाजिक विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मानकों के आधार पर मूल्यांकन किया था। उसूर ब्लॉक ने निम्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया—

  • मलेरिया, डेंगू सहित संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण
  • संस्थागत प्रसव में बढ़ोतरी और मातृ-शिशु मृत्यु दर में कमी
  • बच्चों और गर्भवती महिलाओं का नियमित टीकाकरण
  • एचपीवी टीकाकरण का सफल संचालन
  • बीपी, शुगर और कैंसर जैसी बीमारियों की गांव-गांव जांच और उपचार सुविधा

अब पहला स्थान हासिल करने का लक्ष्य

कलेक्टर विश्वदीप और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने इस उपलब्धि को जिले के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाकर देश में पहला स्थान हासिल करने के लिए प्रयास तेज किए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here