
रायपुर। रायपुर ग्रामीण के अभनपुर थाना क्षेत्र में पड़ोसी द्वारा महिला से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला को चाकू दिखाकर धमकाया, करीब दो घंटे तक दुष्कर्म किया और घटना का फोटो-वीडियो भी बना लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी भास्कर जना और पीड़िता का पति मूल रूप से उड़ीसा के निवासी हैं। दोनों परिवार अभनपुर के ग्राम कोलार में किराये से रहते हैं और पास स्थित आकृति बिस्किट फैक्ट्री में काम करते हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से पड़ोसी की पत्नी पर गलत नजर रखे हुए था।
घटना 18 जून 2026 की है। आरोपी फैक्ट्री से मौका देखकर घर पहुंचा, जहां महिला अकेली थी। आरोपी ने घर में घुसकर प्रेम का इजहार करने का बहाना बनाया, फिर कमरे का दरवाजा बंद कर चाकू के बल पर महिला को डराया-धमकाया और उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया।
इतना ही नहीं, आरोपी ने महिला के फोटो और वीडियो रिकॉर्ड कर लिए और धमकी दी कि अगर उसने किसी को बताया तो वह उसे और उसके पति को जान से मार देगा।
किसी तरह महिला ने बाहर निकलकर अपने पति को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पति, आरोपी की पत्नी और मकान मालकिन घर पहुंचे। पूछताछ के दौरान आरोपी चाकू लेकर हमला करने दौड़ा, लेकिन मकान मालकिन ने डंडे से वार कर उसे काबू कर लिया। स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया।
अभनपुर पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर भास्कर जना (23 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।


















