
पीएम मोदी की बड़ी अपील: एक साल तक सोना खरीदने और विदेश यात्रा टालने का आग्रह
हैदराबाद, 11 मई 2026 – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से विदेशी मुद्रा बचाने और आर्थिक अनुशासन अपनाने की अपील करते हुए कहा है कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए लोगों को अगले एक साल तक सोना खरीदने और गैर-जरूरी विदेश यात्राओं से बचना चाहिए।
हैदराबाद में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया इस समय आर्थिक अस्थिरता, आपूर्ति श्रृंखला संकट और अंतरराष्ट्रीय संघर्षों के दौर से गुजर रही है। ऐसे समय में भारत को अपने विदेशी मुद्रा भंडार को मजबूत बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयास करने होंगे।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में विदेश घूमने और छुट्टियां मनाने की प्रवृत्ति तेजी से बढ़ी है, लेकिन संकट के इस दौर में देशहित को प्राथमिकता देना जरूरी है। प्रधानमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे फिलहाल विदेश यात्राओं को टालें और भारत के पर्यटन स्थलों को बढ़ावा दें।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोने की खरीद को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि भारत में बड़ी मात्रा में सोना आयात किया जाता है, जिससे विदेशी मुद्रा पर भारी दबाव पड़ता है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि शादी, समारोह या अन्य अवसरों पर कम से कम एक साल तक सोने के आभूषण खरीदने से बचें।
उन्होंने कहा कि पहले कठिन समय में लोग देश के लिए अपना सोना तक दान कर देते थे। आज दान की जरूरत नहीं है, लेकिन देशहित में थोड़ी जिम्मेदारी जरूर निभानी होगी।
इसके अलावा प्रधानमंत्री ने पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने, सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने, कार-पूलिंग अपनाने और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि जहां संभव हो, लोग मेट्रो, रेलवे और अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों का उपयोग करें।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देशभक्ति केवल सीमा पर बलिदान देने तक सीमित नहीं है, बल्कि कठिन समय में जिम्मेदार नागरिक की तरह व्यवहार करना भी राष्ट्रसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
प्रधानमंत्री के इस बयान को वैश्विक आर्थिक चुनौतियों और ऊर्जा संकट के बीच देश की आर्थिक स्थिरता बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण संदेश माना जा रहा है।

















