फरसा दिखाकर लूट की दो वारदातों का खुलासा, एक नाबालिग समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

0
104

रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में फरसा दिखाकर लूट की दो अलग-अलग वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए तीन मोबाइल फोन, नगदी और वारदात में प्रयुक्त धारदार फरसा बरामद किया है। वहीं, लूट का मोबाइल खरीदने वाले आरोपी के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई है।

दो वारदातों को दिया था अंजाम

पुलिस के अनुसार, 20 जून 2026 की रात करीब 1:40 बजे डीआरएम ऑफिस के पास एक मोटरसाइकिल सवार को धारदार फरसा दिखाकर रोक लिया गया और उससे रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन तथा 1,800 रुपये नकद लूट लिए गए।

इसके बाद 6 जुलाई 2026 की रात करीब 12:30 बजे वॉल्टेयर लाइन के पास एक एक्टिवा सवार और एक हाईवा चालक को चाकू दिखाकर धमकाया गया तथा उनसे दो मोबाइल फोन और 1,750 रुपये नकद लूटकर आरोपी फरार हो गए। दोनों मामलों में थाना खमतराई में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पूछताछ में आरोपियों ने दोनों लूट की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

मोबाइल, नगदी और फरसा बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटे गए तीन मोबाइल फोन, नगदी राशि और वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार फरसा बरामद किया। साथ ही लूट का मोबाइल खरीदने वाले आरोपी के खिलाफ धारा 317(2), 317(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज करते हुए आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 भी जोड़ी गई हैं।

पुलिस ने दोनों मामलों में करीब 54,998 रुपये मूल्य का मशरूका बरामद किया है।

छह आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में जयराज ताण्डी (20), करन नायक (18), दिनेश सोना (23), कृष्णा उर्फ अर्जुन उर्फ बाबू (19), बबलू महानंद (34) तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here