“बड़ी सफलता: बड़वानी की बेटी वैष्णवी ने स्टेट एयर शूटिंग चैंपियनशिप में बनाई जगह” 

0
476
बड़वानी, मध्य प्रदेश: बड़वानी जिले के छोटे से गांव जुलवानिया की 11 वर्षीय बेटी वैष्णवी माहुले ने अपनी मेहनत और लगन से यह साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी की मोहताज नहीं होती और बेटी किसी से कम नहीं होती। वैष्णवी ने हाल ही में आयोजित 12वीं एमपी स्टेट एयर शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्टेट क्वालीफाई किया और अब वह नेशनल चैंपियनशिप की तैयारी में जुट चुकी हैं। 16 से 23 जुलाई तक जबलपुर में मप्र शूटिंग अकादमी द्वारा आयोजित इस चैंपियनशिप में वैष्णवी ने 10 मीटर एयर राइफल चैंपियनशिप में 400 में से 346 अंक प्राप्त कर विजेता बनीं। यह उनके करियर की एक बड़ी शुरुआत है। वैष्णवी ने 11 साल की उम्र में शूटिंग में कदम रखा और जुलवानिया शूटिंग स्पोर्ट्स सोसाइटी से ट्रेनिंग ली। यह सोसाइटी जिले का पहला ओपन एयर राइफल शूटिंग क्लब है।पिछले पांच महीनों में वैष्णवी की मेहनत रंग लाई, जब उन्होंने बीएसएफ की रेवती रेंज इंदौर में फ्री स्टेट क्वालीफाई किया और फिर जबलपुर में आयोजित स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में अपनी जगह बनाई। उनकी सफलता ने न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे जिले को गर्व महसूस कराया है। अब वह अपनी अगली चुनौती, नेशनल चैंपियनशिप की तैयारी कर रही हैं।बालिका का हौसला और आत्मविश्वास अद्वितीय है, और यह उनकी सफलता का कारण भी है। वैष्णवी इस समय बड़वानी के विद्याकुंज स्कूल में पढ़ाई कर रही हैं। स्कूल प्रिंसिपल और संचालक मंडल ने वैष्णवी की उपलब्धि पर उनका सम्मान करते हुए उन्हें हार पहनाई और मिठाई खिलाई। वैष्णवी के पिता नीरज माहुले ने कहा, “यह हमारे लिए गर्व का पल है। हम चाहते हैं कि वह नेशनल जीतकर देश का नाम रोशन करें।” वहीं, माता अनिता ने अपनी बेटी की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा, “हमारा सपना है कि वह ओलंपिक में खेले और मेडल जीतकर देश और परिवार का मान बढ़ाए।” 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here