ब्लैकमेलिंग मामले में यूट्यूबर्स सागर साहू और पुष्पराज सिंह पर दूसरी एफआईआर दर्ज

0
2

दुर्ग यूट्यूबर्स सागर साहू और पुष्पराज सिंह की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पुरानी भिलाई पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर दोनों के खिलाफ ब्लैकमेलिंग, उगाही और धमकी के आरोप में दूसरी एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम उमदा निवासी नेहा मिश्रा ने शिकायत दर्ज कर बताया कि वह पिछले पांच वर्षों से ग्राहक सेवा केंद्र (CSC) संचालित कर रही हैं। आरोप है कि कुछ समय पहले सागर साहू और पुष्पराज सिंह आधार कार्ड की फोटोकॉपी कराने के बहाने उनके केंद्र पहुंचे और बातचीत का वीडियो रिकॉर्ड किया।

महिला का आरोप है कि दोनों ने बातचीत को तोड़-मरोड़कर वीडियो तैयार किया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। शिकायत के मुताबिक, 3 जून को वीडियो हटाने के बदले 50 हजार रुपये की मांग की गई। बदनामी के डर से नेहा ने 35 हजार रुपये आरोपियों को दे दिए, जिसके बाद वीडियो हटा दिया गया।

शिकायत में आगे कहा गया है कि बाद में दोनों ने फिर 2 लाख रुपये की मांग की। रकम नहीं देने पर आरोपियों ने महिला के खिलाफ तीन से अधिक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई।

महिला ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं पर रोक लगनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई अन्य महिला इस तरह की कथित ब्लैकमेलिंग का शिकार न हो।

पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here