
मंदिर हसौद के लापता युवक की हत्या का खुलासा, पार्षद समेत चार आरोपित गिरफ्तार
रायपुर/महासमुंद। मंदिर हसौद क्षेत्र से लापता हुए युवक भुनेश्वर यादव की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मामले में एक पार्षद सहित चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद के बाद युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई और सबूत मिटाने के लिए शव को महानदी किनारे रेत में दफना दिया गया।
पुलिस के अनुसार, इंदिरा कॉलोनी मंदिर हसौद निवासी ईश्वरी यादव ने 23 मई को अपने पति भुनेश्वर यादव के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मृतक के साथ अंतिम बार देखे गए लोगों से पूछताछ की। शुरुआती पूछताछ में संदेही लगातार पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और कड़ी पूछताछ के बाद पूरा मामला सामने आ गया।
जांच में पता चला कि घटना की रात भुनेश्वर यादव, पार्षद नोहरदास रात्रे उर्फ गोलू रात्रे, अमित राजपूत और हेमचंद बंजारे एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। शराब खत्म होने के बाद सभी कार से महासमुंद की ओर निकले। रास्ते में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान भुनेश्वर यादव ने पार्षद को थप्पड़ मार दिया, जिससे गुस्से में आकर तीनों ने मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी।
मारपीट के दौरान भुनेश्वर यादव की मौत हो गई। घटना के बाद घबराए आरोपित महासमुंद पहुंचे और वहां नोहर रात्रे के रिश्तेदार श्रवण जांगड़े को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद चारों ने मिलकर महानदी किनारे रेत में गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया ताकि वारदात का कोई सबूत न बचे।
पुलिस की निशानदेही पर महानदी किनारे नांदगांव क्षेत्र में उत्खनन कर शव बरामद किया गया। परिजनों ने शव की पहचान भुनेश्वर यादव के रूप में की। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
मामले में हत्या, साक्ष्य छिपाने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपित
नोहरदास रात्रे उर्फ गोलू रात्रे
अमित राजपूत
हेमचंद बंजारे उर्फ सोनू बंजारे
श्रवण जांगड़े
View this post on Instagram
कचरे से कमाई: 2047 तक 51 अरब डॉलर के बाजार और 26 लाख रोजगार की संभावना
बीजापुर तेंदूपत्ता अग्निकांड: DFO पर गिरी गाज, लेकिन करोड़ों के नुकसान का जिम्मेदार कौन?
चंद्रयान-2 की नई खोज: चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के नीचे पानी की बर्फ के मिले मजबूत संकेत
बीएसपी से 250 टन लौह स्क्रैप चोरी का भंडाफोड़, 4 आरोपित गिरफ्तार, 3.22 करोड़ की संपत्ति जब्त
भारतीय मूल के छात्र श्रेय पारिख बने स्पेलिंग बी 2026 के विजेता, जीता प्रतिष्ठित खिताब



















