
नई दिल्ली । मणिपुर के जाने-माने संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह की दिल्ली में कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि विक्रम अपने घर के बाहर हो रहे शोर-शराबे और कथित उपद्रव का विरोध कर रहे थे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और कुछ डिलीवरी कर्मियों तथा ढाबे के कर्मचारियों ने उन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल विक्रम को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करते हुए सात युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।
घटना 6 सितंबर की रात की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, सनलाइट थाना क्षेत्र के किलोकारी गांव स्थित विक्रम के अपार्टमेंट के बाहर कुछ डिलीवरी बॉय और ढाबे के कर्मचारी कथित तौर पर शोर कर रहे थे और शराब पी रहे थे। विक्रम ने इसका विरोध किया, जिसके बाद विवाद ने गंभीर रूप ले लिया।
आरोप है कि विवाद के बाद वहां मौजूद लोगों ने विक्रम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं। उनके बेटे याइफाबा उन्हें तुरंत होली फैमिली अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, इलाज के दौरान चोटों के चलते विक्रम ने दम तोड़ दिया।
मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भरत कुमार (19), प्रमोद (26), रमजान खान (22), दीपांशु (21), मोहन विश्वकर्मा (32), विजय (36) और मन्नू (26) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी अलग-अलग ढाबों और खाने के स्टॉल पर काम करते हैं। मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या से संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
जांच कर रही है।

















