रामलीला के मंच पर सजेगा सितारों का कारवां, रवि किशन बनेंगे श्रीराम तो केजिया लिज़ मेजो निभाएंगी सीता का किरदार

0
6
Nby

अयोध्या की चर्चित रामलीला इस बार दिल्ली में भव्य अंदाज में मंचित होने जा रही है। 10 से 20 अक्टूबर तक कॉन्स्टिट्यूशन क्लब स्थित मावलंकर हॉल में होने वाले आयोजन में फिल्म, भोजपुरी और मनोरंजन जगत के कई कलाकार रामायण के अलग-अलग पात्रों को मंच पर जीवंत करेंगे।

इस बार मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 केजिया लिज़ मेजो माता सीता की भूमिका में नजर आएंगी, जबकि सांसद और अभिनेता रवि किशन प्रभु श्रीराम का किरदार निभाएंगे।

आधुनिक तकनीक के साथ दिखेगा त्रेतायुग

आयोजकों के मुताबिक, रामलीला को भव्य रूप देने के लिए विशाल सेट, अत्याधुनिक तकनीक और बड़ी एलईडी स्क्रीन का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके जरिए रामायण के प्रसंगों को आधुनिक तकनीकी प्रभावों के साथ मंच पर प्रस्तुत करने की तैयारी है।

रामलीला के संस्थापक और अध्यक्ष सुभाष मलिक के मुताबिक, पिछले सात वर्षों से अयोध्या में इसका आयोजन किया जा रहा था और इसे देश-विदेश के दर्शकों से व्यापक जुड़ाव मिला है। आयोजकों का दावा है कि पिछले साल ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यमों से करीब 62 करोड़ दर्शकों ने रामलीला देखी थी।

कई चर्चित चेहरे निभाएंगे अहम किरदार

इस बार सांसद और भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी भी अलग-अलग भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं अभिनेता अरुण बख्शी रावण, बिंदु दारा सिंह कुंभकरण, अवतार गिल मेघनाद और पुनीत इस्सर परशुराम की भूमिका निभाएंगे।

इसके अलावा अभिनेता रजा मुराद समेत कई अन्य जाने-माने कलाकार भी रामलीला के महत्वपूर्ण पात्रों को मंच पर प्रस्तुत करेंगे।

दिल्ली में आयोजन को लेकर तैयारियां तेज

आयोजक सुभाष मलिक ने कहा कि इस वर्ष भी रामलीला को भव्य बनाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम इस बार दिल्ली आ रहे हैं और दिल्लीवासी इस आयोजन का इंतजार कर रहे हैं।

आयोजन की जिम्मेदारी संस्थापक एवं अध्यक्ष सुभाष मलिक, महासचिव शुभम मलिक और उपाध्यक्ष जतिन मलिक संभाल रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here