रायपुर में झपटमारी का खुलासा, आईफोन-15 लूटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

0
3

रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में राह चलते युवक से आईफोन लूटने की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया एप्पल आईफोन-15 और घटना में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किया है।

ई-रिक्शा में आए बदमाश, छीनकर ले गए आईफोन

पुलिस के अनुसार, करण नगर निवासी आदित्य शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 2 जुलाई 2026 की रात करीब 10:50 बजे वह अपने मित्र के साथ पैदल जा रहे थे। इसी दौरान ई-रिक्शा में सवार कुछ युवकों ने उन्हें रोककर उनके हाथ में रखा एप्पल आईफोन-15 छीन लिया और मौके से फरार हो गए।

शिकायत के आधार पर थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 311/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लक्की विश्वकर्मा (20) और अश्वनी तिवारी उर्फ सोनू (24) के रूप में हुई है।

आईफोन और वाहन बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ब्लैक रंग का एप्पल आईफोन-15 और वारदात में प्रयुक्त वाहन जब्त किया है।

एक अन्य आरोपी पहले से जेल में बंद

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने साथी रजत सेन उर्फ हर्ष और एक अन्य सहयोगी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, रजत सेन उर्फ हर्ष पहले से ही मोबाइल लूट के एक अन्य मामले में डीडी नगर थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है और वर्तमान में केंद्रीय कारागार रायपुर में न्यायिक अभिरक्षा में बंद है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है, जबकि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here