रायपुर में हिस्ट्रीशीटर अजय महानंद गिरफ्तार, चोरी की दो स्कूटी-बाइक बरामद

0
153

रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए थाना सिविल लाइन के हिस्ट्रीशीटर अजय महानंद (23) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पुरानी बस्ती और विधानसभा थाना क्षेत्र से चोरी किए गए दो दोपहिया वाहन, जिनकी कुल कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है, बरामद किए गए हैं।

यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम ने की।

पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी

दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस टीम लगातार पेट्रोलिंग और संदिग्धों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान 12 सितंबर को टीम की नजर अजय महानंद पर पड़ी, जो एक दोपहिया वाहन से घूम रहा था।

पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगा। टीम ने पीछा कर घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया। वाहन के दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा।

कड़ाई से पूछताछ में उसने उक्त वाहन को पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र से चोरी करना स्वीकार किया। पूछताछ के दौरान उसने एक अन्य दोपहिया वाहन को विधानसभा थाना क्षेत्र से चोरी करने की बात भी कबूल की।

करीब 80 हजार रुपये के दो वाहन जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ये दोनों वाहन बरामद किए हैं—

  • स्कूटी एक्सेस क्रमांक CG 04 QB 5293 — पुरानी बस्ती थाना अपराध क्रमांक 488/26, धारा 305(बी) BNS।
  • होंडा साइन मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 AD 4368 — विधानसभा थाना अपराध क्रमांक 561/25, धारा 303(2) BNS।

दोनों वाहनों की कुल कीमत करीब 80,000 रुपये बताई गई है।

हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज

पुलिस के मुताबिक, अजय महानंद थाना सिविल लाइन का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और मारपीट सहित आधा दर्जन से अधिक अपराध पहले से दर्ज हैं। आरोपी पूर्व में भी इन मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई भी की जा चुकी है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here