
परिवार के बाहर जाते ही साथियों संग वारदात को दिया अंजाम, नकदी और जेवर बरामद
रायपुर राजधानी रायपुर के मोवा स्थित अशोका आइकन अपार्टमेंट में हुई करीब 1.21 करोड़ रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में घर में काम करने वाले रसोइए महेंद्र कुमार यादव को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई नकदी और जेवरात बरामद कर लिए हैं, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।
परिवार के बाहर जाते ही बनाई चोरी की योजना
पुलिस के मुताबिक, वारदात उस समय हुई जब परिवार किसी काम से नया रायपुर गया हुआ था। इसी दौरान रसोइए महेंद्र कुमार यादव ने अपने साथियों के साथ मिलकर घर में चोरी की साजिश रची और उसे अंजाम दिया।
अलमारी तोड़कर नकदी और जेवर किए पार
आरोपियों ने घर की अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे 51 लाख रुपये नकद और करीब 70 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। सूचना मिलने के बाद पंडरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ में खुली पूरी साजिश
जांच के दौरान पुलिस का संदेह घर में काम करने वाले रसोइए पर गया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की गई नकदी और जेवरात भी बरामद कर लिए।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि इस वारदात में अन्य लोग भी शामिल थे। उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही चोरी की पूरी साजिश और इसमें शामिल सभी लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


















