
नई दिल्ली
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने जमैका की समकक्ष कामिना जॉनसन स्मिथ से की मुलाकात। डॉ. जयशंकर ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि इस बैठक में भारत और जमैका के बीच साझेदारी के विभिन्न पहलुओं की व्यापक समीक्षा की गई।
कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा
बैठक के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, डिजिटल पर्यटन, खेल, मनोरंजन, अवसंरचना, क्षमता निर्माण और बहुपक्षीय मुद्दों में सहयोग को और मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया गया। दोनों देशों ने इन क्षेत्रों में नई संभावनाओं को तलाशने पर जोर दिया।
व्यापारिक संबंधों को गहरा करने पर जोर
विदेश मंत्री ने जमैका के उद्योग और व्यापार जगत के नेताओं से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में विश्वसनीय साझेदारों की आवश्यकता बढ़ रही है, ऐसे में भारत और जमैका के बीच व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करना समय की मांग है।
आर्थिक सहयोग की नई संभावनाएं
डॉ. जयशंकर ने इस बात पर बल दिया कि द्विपक्षीय और क्षेत्रीय स्तर पर आर्थिक सहयोग के नए अवसरों की सक्रिय रूप से खोज की जानी चाहिए, जिससे दोनों देशों को परस्पर लाभ मिल सके।


















