
मुंबई फिल्म निर्देशक विवेक रंजन अग्निहोत्री ने ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर भारतीय सेना और देशवासियों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि भारत ने दुनिया को दिखाया कि शांति उसकी प्रकृति है, लेकिन उसकी चुप्पी कमजोरी नहीं।
सोशल मीडिया पर साझा किया भावुक संदेश
विवेक अग्निहोत्री ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो और भावुक संदेश साझा करते हुए भारतीय सशस्त्र बलों के साहस, बलिदान और देशभक्ति को सलाम किया।
उन्होंने लिखा कि ऑपरेशन सिंदूर भारत के इतिहास का ऐसा क्षण था, जब पूरा देश एकजुट होकर खड़ा रहा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और सेना के पराक्रम की भी सराहना की।
“दुनिया तक पहुंचनी चाहिए ऑपरेशन सिंदूर की कहानी”
विवेक अग्निहोत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की सबसे बड़ी श्रद्धांजलि यही होगी कि इसकी कहानी पूरी दुनिया तक पहुंचे, ताकि लोग जान सकें कि देश की सुरक्षा के लिए कितना बलिदान दिया गया।
उन्होंने कहा कि इतिहास युद्धों को याद रखता है, जबकि सभ्यताएं साहस को याद रखती हैं।
बड़े पर्दे पर आएगी ऑपरेशन सिंदूर की कहानी
विवेक अग्निहोत्री अब ऑपरेशन सिंदूर पर फिल्म बनाने की तैयारी कर रहे हैं। यह फिल्म भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में चलाए गए अभियान पर आधारित होगी।
पहले भी बना चुके हैं चर्चित फिल्में
विवेक अग्निहोत्री अपनी दमदार और वास्तविक घटनाओं पर आधारित फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। उनकी पिछली फिल्म “द बंगाल फाइल्स” को भी दर्शकों और समीक्षकों से काफी सराहना मिली थी।
अब उनकी आगामी फिल्म “ऑपरेशन सिंदूर” को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता देखी जा रही है।



















