शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 1.77 करोड़ की ठगी, मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव समेत कई लोग बने शिकार

0
276

रायगढ़ जिले में शेयर ट्रेडिंग में निवेश का झांसा देकर मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) समेत कई लोगों से करीब 1 करोड़ 77 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ितों की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डीमैट अकाउंट खुलवाने का दिया झांसा

पुलिस के अनुसार, दरोगापारा निवासी संजय मिश्रा, जो मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव का काम करते हैं, की वर्ष 2022 में पश्चिम बंगाल निवासी विश्वजीत देवनाथ से मुलाकात हुई थी। आरोपी ने खुद को एलईडी बल्ब निर्माण और शेयर मार्केट ट्रेडिंग से जुड़ा कारोबारी बताया।

उसने निवेश पर हर महीने 6 प्रतिशत ब्याज और मूलधन का 10 प्रतिशत हिस्सा लौटाने का भरोसा दिलाया। साथ ही सभी निवेशकों का डीमैट अकाउंट खुलवाने का वादा भी किया।

शुरुआत में दिया गया मुनाफा

विश्वास जीतने के लिए आरोपी ने शुरुआती चार से पांच महीने तक नियमित रूप से ब्याज का भुगतान किया। इससे निवेशकों का भरोसा बढ़ गया और उन्होंने अधिक रकम निवेश करना शुरू कर दिया।

संजय मिश्रा ने भी आरोपी के कहने पर बैंक से 12 लाख रुपये का ऋण लेकर निवेश किया।

दर्जनभर लोगों ने किया निवेश

बाद में संजय मिश्रा ने अपने परिचितों और साथियों को भी निवेश की जानकारी दी। इसके बाद विकास साहू, राकेश मनहर, रितेश साव, देव कश्यप, सुनील पाणिग्राही, शिशुपाल, कृष्णा पांडेय, कृष्णा द्विवेदी, राकेश सरकार, लोचन पटेल, मनील गुप्ता, श्रीमंत मिश्रा और अजय वर्मा सहित कई लोगों ने रकम निवेश की।

सभी निवेशकों ने मिलकर कुल 1 करोड़ 77 लाख 10 हजार रुपये लगाए।

डीमैट अकाउंट नहीं खुला तो हुआ खुलासा

कुछ समय बाद निवेशकों को पता चला कि शेयर ट्रेडिंग के लिए डीमैट अकाउंट जरूरी होता है। जब उन्होंने आरोपी से इसकी जानकारी मांगी, तो वह टालमटोल करता रहा। काफी समय बीतने के बाद भी किसी भी निवेशक को डीमैट अकाउंट से संबंधित दस्तावेज या जानकारी नहीं दी गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

खुद को ठगा हुआ महसूस करने पर पीड़ितों ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी और निवेश से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि मामले में आर्थिक अपराध के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here