सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर ठगी, 2 आरोपी गिरफ्तार; 15 लोगों से करीब ₹25 लाख लेने का खुलासा

0
135

रायपुर । सरकारी नौकरी लगवाने और ट्रांसफर कराने के नाम पर लोगों से पैसे लेने के आरोप में सिविल लाइन पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने खुद को प्रभावशाली लोगों से संपर्क वाला बताकर लोगों को झांसा दिया। इनमें से एक आरोपी ने कथित तौर पर खुद को गृहमंत्री का निजी सहायक बताकर भी विश्वास में लिया।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी बोस्टो तांडी ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि संतराम यादव और आदित्य मोहन पंडा ने सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर उससे 70 हजार रुपये लिए, लेकिन नौकरी नहीं लगवाई।

शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाने में अपराध क्रमांक 528/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2), 319(2), 336(3), 340 और 3(5) के तहत जांच शुरू की गई।

पूछताछ में करीब 15 लोगों से ठगी का दावा

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने प्रार्थी और गवाहों से पूछताछ के साथ मामले की जांच आगे बढ़ाई। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य मोहन पंडा (23) और संतराम यादव (38) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने करीब 15 लोगों से नौकरी लगाने और ट्रांसफर कराने के नाम पर लगभग 25 लाख रुपये लेने की बात स्वीकार की है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों से अभी पूछताछ जारी है और ठगी के अन्य मामलों तथा इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here