सहसपुर लोहारा में विशेष राजस्व शिविर शुरू, पहले ही दिन 85 मामलों का हुआ निराकरण

0
8

कवर्धा उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल पर कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा में विशेष राजस्व समस्या निवारण शिविरों की शुरुआत हो गई है। कलेक्टर गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित पहले शिविर में राजस्व संबंधी आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया।

पहले शिविर में मिले 96 आवेदन

शिविर के दौरान जाति प्रमाण पत्र, नामांतरण, अभिलेख सुधार, फौती नामांतरण, जन्म प्रमाण पत्र, ऋण पुस्तिका, भू-अधिकार पट्टा, राशन कार्ड, बिजली कनेक्शन सहित विभिन्न विषयों से जुड़े 96 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 85 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि 11 प्रकरणों में न्यायालयीन प्रक्रिया शुरू की गई।

दो हितग्राहियों को मिली ऋण पुस्तिका

शिविर में सिंघनपुरी निवासी रामकुमार और पिरचाटोला निवासी खेमसिंह को मौके पर ही ऋण पुस्तिका प्रदान की गई। कलेक्टर गोपाल वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा न्यायालयीन मामलों में भी आवेदकों को आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाए।

जुलाई और अगस्त में लगेंगे चार और शिविर

अपर कलेक्टर नरेंद्र पैंकरा ने बताया कि सहसपुर लोहारा में 21 जुलाई, 1 अगस्त, 11 अगस्त और 21 अगस्त को चार और विशेष राजस्व शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, ऋण पुस्तिका वितरण, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, डिजिटल हस्ताक्षर, आधार और मोबाइल अपडेट, अभिलेख सुधार तथा अन्य राजस्व मामलों के आवेदन लेकर उनका निराकरण किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here