
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में मुर्गा चोरी का आरोप लगाकर एक मजदूर के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने पोल्ट्री फार्म संचालक, मैनेजर और मुंशी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुर्गा लेने के बाद शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के ग्राम बीड़ निवासी युवक दिसंबर 2025 से गौरेला के बेलगहना टोला स्थित मोनू पोल्ट्री फार्म में मजदूरी कर रहा था। घटना वाले दिन उसने फार्म में कार्यरत मनोज यादव से करीब 1 किलो 900 ग्राम मुर्गा लिया था। इसी दौरान फार्म संचालक मौके पर पहुंचा और युवक पर मुर्गा चोरी का आरोप लगा दिया।
मारपीट का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि चोरी से इनकार करने पर संचालक ने उसके साथ गाली-गलौज की और डंडे, चप्पलों तथा मुक्कों से मारपीट की। इसके बाद उसने कथित तौर पर मैनेजर सुहेल खान और मुंशी चिंटू को बुलाया, जिन्होंने भी उसके साथ मारपीट की। घटना में युवक के चेहरे और पीठ पर चोटें आई हैं।
बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों से भी मारपीट
पीड़ित के अनुसार, बीच-बचाव के लिए पहुंचे अनूपपुर निवासी बलराम सिंह और मुकेश सिंह के साथ भी आरोपियों ने कथित रूप से मारपीट की, जिससे दोनों को भी चोटें आईं।
तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
घटना के बाद पीड़ित ने गौरेला थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मोनू, सुहेल खान और चिंटू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आगे की कार्रवाई जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।


















