
रायपुर के डी.डी. नगर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए अधिक मुनाफे का लालच देकर दोना-पत्तल मशीन और कच्चा माल उपलब्ध कराने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने सोशल मीडिया पर विज्ञापन देखकर दोना-पत्तल निर्माण उद्योग शुरू करने के लिए संपर्क किया था। आरोपी ने स्वयं को कंपनी संचालक बताते हुए मशीन, कच्चा माल उपलब्ध कराने और तैयार माल खरीदने का भरोसा दिलाया। साथ ही अधिक लाभ और अन्य सुविधाओं का लालच भी दिया गया।
आरोपी के झांसे में आकर पीड़ित ने अलग-अलग किश्तों में करीब 2.95 लाख रुपये दिए। रकम लेने के बाद आरोपी मशीन और कच्चा माल उपलब्ध कराने में लगातार टालमटोल करता रहा और वादे के अनुरूप कोई सुविधा नहीं दी।
शिकायत मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने दस्तावेजी और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। जांच और पूछताछ में लोगों को अधिक लाभ का प्रलोभन देकर रकम लेने की बात सामने आई।
पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर शैलेन्द्र कुमार रजक (39 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से पुलिस रिमांड पर लिया गया।
मामले में अपराध क्रमांक 404/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस में केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब वित्तीय लेन-देन और आरोपी द्वारा अन्य लोगों से की गई कथित ठगी की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी 25 से 30 अन्य लोगों, यहां तक कि दूसरे राज्यों के लोगों को भी निशाना बना चुका है।



















