
दो दिन में 50 वाहन चालकों का चालान, स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर सख्ती
रायपुर स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए रायपुर यातायात पुलिस ने शहर के विभिन्न स्कूलों के बाहर विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर चल रहे ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
50 वाहन चालकों पर हुई चालानी कार्रवाई
यातायात पुलिस के अनुसार, 17 और 18 जुलाई को चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान अब तक 50 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई है। जांच के दौरान कई वाहन क्षमता से अधिक बच्चों को लेकर चलते पाए गए।
चालकों को दी गई सख्त समझाइश
कार्रवाई के साथ-साथ वाहन चालकों को निर्धारित क्षमता का पालन करने और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की हिदायत भी दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ओवरलोडिंग से सड़क हादसों का खतरा बढ़ जाता है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
डीसीपी यातायात एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान को आगे भी जारी रखा जाएगा। यातायात पुलिस ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



















