20 से ज्यादा जिलों में यलो अलर्ट, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी

0
16

रायपुर छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।

अगले पांच दिन बदला रहेगा मौसम

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले पांच दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम अस्थिर बना रह सकता है। कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और अंधड़ की संभावना जताई गई है।

कई जिलों में बारिश दर्ज

पिछले 24 घंटों के दौरान चरमा में 3 सेंटीमीटर और गरियाबंद में 1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।

सबसे अधिक तापमान 41 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड में दर्ज हुआ।

इन जिलों में जारी हुआ अलर्ट

मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, राजनांदगांव, गरियाबंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर सहित कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है।

तेज हवाओं की भी संभावना

इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई है।

मौसम में बदलाव की वजह

मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार दक्षिण मध्य प्रदेश, अंदरूनी ओडिशा और पूर्वी बिहार के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका के प्रभाव से प्रदेश में मौसम बदला है।

रायपुर में भी बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here